CM Mohan Yadav: भोपाल। डिजिटल इंडिया अभियान के 11 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में तकनीक ने देश के विकास को नई रफ्तार दी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया की वजह से लोगों के कई काम आसान हुए हैं और सरकारी सेवाएं पहले से ज्यादा तेजी और पारदर्शिता के साथ आम लोगों तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
‘विकसित भारत-2047’ की दिशा में बड़ा कदम बताया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने 11 वर्षों का महत्वपूर्ण सफर तय किया है। उनके मुताबिक, इस अभियान ने लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ देश में विकास और रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए हैं। उन्होंने इसे विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम बताया।
UPI से बदली डिजिटल भुगतान की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में डिजिटल भुगतान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। सरकार के अनुसार, अब देश में होने वाले करीब 81 प्रतिशत डिजिटल भुगतान UPI के जरिए किए जा रहे हैं। इससे लोगों के लिए लेनदेन पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हुआ है।
सीएम ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। सरकार के मुताबिक, अब तक 2.18 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों को भारतनेट नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है। इससे गांवों में ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल बैंकिंग और अन्य सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है।
AI और स्टार्टअप्स को भी मिला बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देने के लिए 45 हजार से अधिक GPUs उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, 2.23 लाख से अधिक स्टार्टअप्स के जरिए 23.36 लाख से ज्यादा रोजगार सृजित हुए हैं।
जून में जीएसटी कलेक्शन में 13.9% की बढ़ोतरी, राजस्व संग्रह बढ़कर 1.95 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंचा
सीएम मोहन यादव ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। सरकार के अनुसार, 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है।
इन उपलब्धियों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने डिजिटल इंडिया अभियान की अन्य उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देशभर में 42 लाख रूट किलोमीटर से अधिक ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क बिछाया गया है। 70 करोड़ से ज्यादा लोग डिजिलॉकर का उपयोग कर रहे हैं। 2,500 से अधिक सरकारी सेवाएं अब मोबाइल पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा 8.9 करोड़ से ज्यादा माताओं और बच्चों की निगरानी पोषण ट्रैकर के जरिए की जा रही है। वहीं, 5G नेटवर्क, स्टार्टअप इंडिया, अटल इनोवेशन मिशन और 12 सेमीकंडक्टर प्लांट जैसी पहलें भी देश के डिजिटल भविष्य को मजबूत कर रही हैं।
प्रधानमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने देश में तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने मध्य प्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।