MP SANDIPANI SCHOOL: भोपाल। मध्यप्रदेश में स्कूली शिक्षा की विभाग को नई सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश में बनकर तैयार 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण 15 जुलाई तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन कार्यक्रमों को केवल औपचारिक उद्घाटन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि शिक्षा और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए।
शुक्रवार को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत होने वाले इन समारोहों को बच्चों के लिए यादगार बनाया जाए।
बच्चों के लिए होंगे विशेष आयोजन
लोकार्पण समारोह के दौरान स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को स्वल्पाहार और मिठाई भी वितरित की जाएगी। जिन विद्यालयों का पहले ही उद्घाटन हो चुका है, वहां प्रवेशोत्सव भी उत्साह के साथ मनाने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरु पूर्णिमा पर AI आधारित विज्ञान प्रदर्शनी
मुख्यमंत्री ने 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के हर जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल तकनीक पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही उत्कृष्ट शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।
70 विद्यालय पूरी तरह तैयार
स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल ने बताया कि प्रदेश में कुल 70 सांदीपनि विद्यालय तैयार हो चुके हैं। इनमें 46 विद्यालय स्कूल शिक्षा विभाग और 24 विद्यालय जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित होंगे।
प्रभारी मंत्री करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों का लोकार्पण संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया जाए। साथ ही इन विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से युक्त आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया गया।