MP News Today: मध्यप्रदेश। मध्यप्रदेश ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में जर्मनी के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर ऊर्जा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की। बैठक में दोनों पक्षों ने बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने, स्मार्ट मीटर, सौर ऊर्जा और भविष्य की ऊर्जा परियोजनाओं पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
बैठक में जर्मनी के KfW डेवलपमेंट बैंक की कार्यकारी बोर्ड सदस्य एवं सीईओ क्रिस्टियाने लाईबेक, कंट्री डायरेक्टर वूल्फन मूथ, जर्मन दूतावास के प्रतिनिधि गॉटफ्रीड वॉन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मध्यप्रदेश की ओर से एमपीआईडीसी और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था को मिलेगा बड़ा सहारा
बैठक के दौरान जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एनर्जी रिफॉर्म प्रोग्राम के तहत प्रदेश की बिजली वितरण कंपनियों में स्मार्ट मीटर लगाने और फीडर विभक्तिकरण के लिए करीब 1,120 करोड़ रुपये का वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य बिजली वितरण को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और प्रभावी बनाना है।
एनर्जी रिफॉर्म फेस-2 में 200 मिलियन यूरो निवेश की रुचि
जर्मनी की ओर से यह भी संकेत दिए गए कि एनर्जी रिफॉर्म फेस-2 के तहत मध्यप्रदेश में बिजली वितरण नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए करीब 200 मिलियन यूरो के वित्तीय सहयोग में रुचि है। इस योजना में खास तौर पर सौर ऊर्जा उपलब्ध रहने के समय कृषि फीडरों तक निर्बाध बिजली पहुंचाने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा।
भारत-जर्मनी की साझेदारी को नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और जर्मनी के संबंध लंबे समय से मजबूत और भरोसेमंद रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश इस साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य सरकार लगातार जर्मनी के उद्योगपतियों और निवेशकों के संपर्क में है, ताकि प्रदेश में निवेश बढ़े और नई तकनीकों का लाभ मिल सके।
ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने KfW डेवलपमेंट बैंक के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस साझेदारी से मध्यप्रदेश का ऊर्जा क्षेत्र और अधिक मजबूत होगा। उनका विश्वास है कि आने वाले समय में जर्मनी के सहयोग से प्रदेश हरित ऊर्जा, आधुनिक बिजली व्यवस्था और सतत विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।