iPhone 12 सीरीज के बाद लॉन्च हुए अधिकांश मॉडल IP68 रेटिंग के साथ आते हैं, जो सीमित स्तर तक पानी और धूल से सुरक्षा देती है। हालांकि यह सुरक्षा हमेशा के लिए नहीं होती और पानी अंदर पहुंचने पर फोन खुद उपयोगकर्ता को चेतावनी भी देता है।
अगर चार्जिंग पोर्ट में नमी पहुंच जाती है तो iPhone स्क्रीन पर “Charging Not Available” या “Liquid Detected in USB-C Connector” जैसी चेतावनी दिखाई देती है। ऐसे में सबसे पहले फोन को चार्जर से तुरंत अलग कर देना चाहिए। साथ ही चार्जर और केबल को भी बिजली के प्लग से निकाल देना चाहिए। Apple के अनुसार ऐसी स्थिति में चार्जिंग जारी रखने से फोन को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है।
यदि आपको लगता है कि फोन के चार्जिंग पोर्ट में पानी चला गया है तो फोन को चार्जिंग पोर्ट नीचे की ओर रखते हुए हल्के-हल्के हाथ पर टैप करें ताकि अतिरिक्त पानी बाहर निकल सके। इसके बाद फोन को कम से कम 30 मिनट तक किसी सूखी और हवादार जगह पर रखें। आधे घंटे बाद चार्जर लगाकर जांच सकते हैं कि फोन सामान्य रूप से चार्ज हो रहा है या नहीं।
अगर 30 मिनट बाद भी वही चेतावनी संदेश दिखाई दे तो जल्दबाजी बिल्कुल न करें। ऐसी स्थिति में फोन को 24 घंटे तक प्राकृतिक रूप से सूखने दें। इसके बाद ही दोबारा चार्ज करने की कोशिश करें। यदि इसके बाद भी समस्या बनी रहती है तो अधिकृत सर्विस सेंटर से जांच कराना बेहतर रहेगा।
कई लोग गीले फोन को सुखाने के लिए उसे चावल के डिब्बे में रख देते हैं, लेकिन यह तरीका सुरक्षित नहीं माना जाता। चावल से निकलने वाले बारीक कण चार्जिंग पोर्ट या अन्य हिस्सों में फंस सकते हैं, जिससे फोन को और अधिक नुकसान हो सकता है। इसलिए फोन को प्राकृतिक हवा में सूखने देना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।
क्या करें और क्या न करें?
फोन में पानी जाने पर तुरंत चार्जिंग बंद करें।
चार्जिंग पोर्ट नीचे रखकर हल्के से पानी बाहर निकालें।
कम से कम 30 मिनट तक सूखने दें।
चेतावनी बनी रहे तो 24 घंटे तक चार्ज न करें।
हेयर ड्रायर, ब्लोअर या चावल का इस्तेमाल न करें।
समस्या बनी रहने पर अधिकृत सर्विस सेंटर से संपर्क करें।