Mahakaushal Times

CM Mohan Yadav: MP को दुग्ध उत्पादन में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य, CM मोहन यादव ने किसानों के लिए किए कई बड़े ऐलान

Mohan Yadav

CM Mohan Yadav: ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश को अगले पांच साल में दुग्ध उत्पादन के मामले में देश का नंबर-1 राज्य बनाना है। इसके लिए डेयरी सेक्टर को मजबूत किया जाएगा और किसानों को खेती के साथ पशुपालन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

ग्वालियर में आयोजित उन्नत कृषि संभागीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए अब सिर्फ पारंपरिक खेती नहीं, बल्कि बहु-फसली खेती और आधुनिक पशुपालन पर भी जोर देना होगा।

डेयरी सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल मध्य प्रदेश दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार की कोशिश है कि अगले पांच वर्षों में प्रदेश पहले स्थान पर पहुंचे। इसके लिए नेशनल डेयरी विकास योजना के तहत ग्वालियर और सांची दुग्ध संघ को और मजबूत किया जाएगा।

केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़, कथित सीक्रेट शादी और व्हाट्सऐप चैट की जांच तेज; पुलिस अदालत में पेश करेगी डिजिटल साक्ष्य

सिंचाई का रकबा दोगुना करने की तैयारी

सीएम ने बताया कि साल 2003 में प्रदेश में सिर्फ 7.5 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो अब बढ़कर 50 लाख हेक्टेयर हो गई है। सरकार का लक्ष्य इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का है। इसके लिए चंबल-पार्वती-कालीसिंध और केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।

किसानों को बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए बड़ी राहत का ऐलान करते हुए कहा कि अब कृषि ऋण चुकाने के लिए 31 मार्च की समय सीमा की चिंता नहीं होगी। सरकार ने किसानों को लोन चुकाने के लिए पूरा एक साल देने का फैसला किया है।

कांग्रेस में कलह, BJP की ‘2D’ और ‘2T’ रणनीति पर नजर, पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बदलते राजनीतिक समीकरणों का विश्लेषण

आधुनिक खेती पर रहेगा जोर

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्वालियर के खुरैरी और जहांगीरपुर में करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक नर्सरी और फ्लोरीकल्चर गार्डन तैयार किए जा रहे हैं। इससे किसानों को आधुनिक खेती और नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी।

उन्होंने राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में समन्वित कृषि प्रणाली और बहु-स्तरीय खेती मॉडल का भी लोकार्पण किया। उनका कहना है कि इससे किसानों की लागत कम होगी और आमदनी बढ़ेगी।

गौशालाएं और सड़क सुरक्षा पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में आधुनिक गौशालाएं विकसित की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों को हेलमेट बांटे और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर