CM Mohan Yadav in Datia : मध्य प्रदेश। दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूनिफॉर्म सिविल कोड) पर चर्चा की जरूरत बताते हुए कहा कि इस विषय पर खुलकर बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भगवान राम ने एक ही विवाह किया, तो समाज में अलग-अलग नियम क्यों होने चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा से बचती है और अन्य विषयों पर बात करती है, लेकिन समान नागरिक संहिता पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाती।
कांग्रेस के कार्यकाल और विकास पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी कई दशकों तक सत्ता में रही, लेकिन देश के विकास के लिए कोई बड़ा काम नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान समय में विकास और सुशासन के मुद्दों पर जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में कांग्रेस का जनाधार लगातार कम हुआ है और लोग अब उसे पुराने दौर की पार्टी के रूप में देखने लगे हैं।
कतर के पूर्व अमीर के निधन पर भारत में राष्ट्रीय शोक नई दिल्ली मुंबई और केरल में आधा झुका तिरंगा
दतिया उपचुनाव में BJP की जीत का किया दावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है और पार्टी को भारी बहुमत से जीत मिलने का विश्वास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का मंच से स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी का वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता बताया तथा उपस्थित लोगों से तालियों के साथ उनका अभिनंदन करने का आग्रह किया।
चुनावी माहौल हुआ तेज
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। दोनों दल अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में लगातार जनसभाएं और संपर्क अभियान चला रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।