Mahakaushal Times

रश्मिका-विजय की शादी पर नेटफ्लिक्स का 60 करोड़ का दांव: ठुकराया मेगा ऑफर, प्राइवेसी के लिए कपल ने लिया बड़ा फैसला!


नई दिल्ली/हैदराबाद दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित और चहेते कपल, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी की खबरें इन दिनों हर तरफ छाई हुई हैं। लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे इस जोड़े को लेकर ताजा अपडेट यह है कि ओटीटी दिग्गज नेटफ्लिक्स ने उनकी शादी की एक्सक्लूसिव स्ट्रीमिंग के लिए 60 करोड़ रुपये का भारी-भरकम ऑफर दिया था। लेकिन, फैंस को बड़ा झटका देते हुए खबर आ रही है कि रश्मिका और विजय ने इस लुभावने ऑफर को ठुकरा दिया है।

तेलुगु मीडिया पोर्टल्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स चाहता था कि इस लग्जरी डेस्टिनेशन वेडिंग के हर पल को कैमरे में कैद कर उसे अपने प्लेटफॉर्म पर एक स्पेशल फिल्म के रूप में दिखाया जाए। इससे पहले अभिनेत्री नयनतारा और विग्नेश शिवन ने अपनी शादी के राइट्स नेटफ्लिक्स को लगभग 25 करोड़ रुपये में बेचे थे, लेकिन रश्मिका और विजय को दिया गया यह ऑफर उससे दोगुने से भी ज्यादा था। रिपोर्टों की मानें तो यह जोड़ा अपनी शादी को बेहद निजी रखना चाहता है और अतीत के कुछ विवादों को देखते हुए वे किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते।

शादी की तारीख को लेकर चर्चा है कि दोनों 26 फरवरी को सात फेरे ले सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। हाल ही में जब रश्मिका को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, तो पैपराजी ने उनसे शादी के न्योते को लेकर सवाल किया। इस पर ‘नेशनल क्रश’ रश्मिका सिर्फ मुस्कुराती और शर्माती नजर आईं। जब उनसे सीधे तौर पर पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में बात को टालते हुए कहा, “अभी तो फिल्म रिलीज… कुछ करना पड़ेगा।”

रश्मिका और विजय के रिश्तों की शुरुआत साल 2018 में फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट से हुई थी। तब से लेकर आज तक दोनों कई बार साथ में वेकेशन मनाते देखे गए हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया।

प्रोफेशनल फ्रंट पर बिजी है यह जोड़ी
शादी की खबरों के बीच दोनों कलाकार अपने काम में भी काफी व्यस्त हैं। रश्मिका जल्द ही शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में नजर आएंगी। इसके अलावा वह शाहिद के साथ एक और अनाम बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। वहीं, विजय देवरकोंडा अपनी फिल्म ‘राणाबली’ की तैयारी में जुटे हैं, जो इसी साल सितंबर में रिलीज होने वाली है। इसके साथ ही उनकी पैन-इंडिया फिल्म ‘राउडी जनार्दन’ को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह है। अब देखना यह है कि क्या 26 फरवरी को यह जोड़ी वाकई अपने रिश्ते को नया नाम देती है या फैंस को थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर