Mahakaushal Times

भोपाल में 14 मार्च को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन: होली और रंगपंचमी के बीच साहित्य का रंग


भोपाल। होली और रंगपंचमी के उत्सव के बीच राजधानी भोपाल में इस बार साहित्यिक रंग भी घुलेंगे। शहर के सोमवारा स्थित भवानी चौक में 14 मार्च, शनिवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होगा। इसमें देश के विभिन्न शहरों से आए कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को वीर रस, हास्य और व्यंग्य से सराबोर करेंगे।

इस आयोजन का आयोजन हिंदू उत्सव समिति, भोपाल कर रही है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि होली और रंगपंचमी केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपरा और साहित्यिक अभिव्यक्ति का भी उत्सव है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हर साल की तरह इस बार भी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

कवि सम्मेलन का संचालन सुप्रसिद्ध सबरस कवि शशिकांत यादव ‘शशि’ (देवास) करेंगे। मंच पर वीर रस की कविताओं से कविता तिवारी (लखनऊ), राम भदावर (जयपुर) और सूर्यकांत चतुर्वेदी (भोपाल) श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों से दिनेश ‘देसी घी’ (शाजापुर), मुन्ना बैट्री (मंदसौर) और अमित शुक्ला (प्रयागराज) मंच को हल्का और मनोरंजक बनाएंगे।

कार्यक्रम के संयोजक और हिंदू उत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। समिति ने नागरिकों और साहित्य प्रेमियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लें।

इस कवि सम्मेलन के माध्यम से केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि साहित्य और संस्कृति के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ावा मिलेगा। होली के रंगों के साथ यह साहित्यिक आयोजन भोपालवासियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर