Balaghat News : बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में सरेंडर करने वाले नक्सलियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल क्षेत्रों में कई स्थानों से बड़ा नक्सली डंप बरामद किया है। नक्सली अपने हथियारों, विस्फोटकों और नकदी को जमीन के अंदर गाड़कर छिपाकर रखते थे, जैसे किसी खजाने की तरह।
हथियार और नकदी बरामद (Balaghat News)
पुलिस ने अलग-अलग जगहों से जमीन में दबाए गए हथियार और नकदी बरामद की है। इनमें सेमी ऑटोमैटिक राइफल, ग्रेनेड लांचर, कारतूस, डेटोनेटर जैसे घातक हथियार शामिल हैं। इसके अलावा मेडिकल किट, बारूद, विस्फोटक सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गईं।
पहली बार इतनी बड़ी राशि की बरामदगी (Balaghat News)
सबसे चौंकाने वाली बरामदगी नकदी की है। नक्सलियों द्वारा जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 11 लाख 57 हजार रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए हैं। यह बालाघाट क्षेत्र में नक्सली डंप से पहली बार इतनी बड़ी राशि की बरामदगी है।
पूछताछ और निशानदेही पर यह कार्रवाई (Balaghat News)
यह बरामदगी कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में बालाघाट में करोड़ों रुपये के इनामी नक्सलियों के सरेंडर के बाद हुई है। सरेंडर करने वाले नक्सलियों की पूछताछ और निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई, जिससे नक्सलियों के छिपे ठिकानों का पता चला।
यह सफलता मध्य प्रदेश में नक्सल उन्मूलन अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जहां बालाघाट जिला हाल ही में नक्सल मुक्त घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे डंपों की बरामदगी से नक्सली गतिविधियों पर और अधिक अंकुश लगेगा।