Balaghat News : बालाघाट। बालाघाट के गर्रा स्थित शिवमंदिर में एक शर्मनाक हरकत सामने आई है। यहां शिवलिंग के ऊपर रखे जलपात्र (मटकी) में मटन की ग्रेवी मिलने से हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले में आरोपी योगेश नागवंशी को गिरफ्तार किया है।
बालाघाट कोतवाली क्षेत्र के गर्रा शंकरघाट स्थित शिवमंदिर में उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के ऊपर जल चढ़ाने वाली मटकी में मटन की ग्रेवी पड़ी देखी। धार्मिक भावना आहत होने पर लोगों ने तुरंत कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच में पुलिस ने वार्ड नंबर 28 स्नेहनगर निवासी 40 वर्षीय योगेश नागवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ में योगेश ने शराब के नशे में यह हरकत करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि बॉटनिकल गार्डन में जन्मदिन मनाने के बाद बची हुई चिकन ग्रेवी घर ले जा रहा था और नशे की हालत में मंदिर पहुंचकर मटकी में ग्रेवी डाल दी। डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के अनुसार आरोपी ने अपराध स्वीकार कर माफी मांगी है। पुलिस ने धार्मिक भावना आहत करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।