Mahakaushal Tines

भोपाल: डिवाइडर से टकराई बाइक, साले-बहनोई की मौत, शादी में शामिल होने जा रहे ईंटखेड़ी चौराहे पर हुआ दर्दनाक हादसा



भोपाल।
भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार साले और बहनोई की मौत हो गई। दोनों युवक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी ईंटखेड़ी चौराहे पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा 24 जनवरी की रात का है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल रहीम पुत्र इब्राहीम (21) की इलाज के दौरान 26 जनवरी को मौत हो गई थी, जबकि उसके बहनोई नसीम पिता मुबीन (27) ने शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

एक महीने पहले ही भोपाल आए थे
रहीम और नसीम दोनों मूल रूप से नरसिंहपुर जिले के रहने वाले थे। वे भोपाल के ऐशबाग स्थित बिस्मिल्लाह कॉलोनी में पिछले एक महीने से किराए के मकान में रह रहे थे और मजदूरी का काम करते थे।

24 जनवरी की रात दोनों बाइक से एक परिचित की शादी में शामिल होने ईंटखेड़ी जा रहे थे। इसी दौरान ईंटखेड़ी चौराहे पर बाइक डिवाइडर से जा टकराई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रहीम की मौत के बाद नसीम का इलाज जारी था, लेकिन शुक्रवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया। नसीम के शव का पोस्टमार्टम कर शुक्रवार दोपहर परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर