Chhindwara News : मध्यप्रदेश। छिंदवाड़ा जिले की जुन्नारदेव नगर पालिका परिषद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर की कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे के हालिया फैसलों ने पार्टी के पार्षदों में भारी नाराज़गी पैदा कर दी है, जिसके बाद दो पार्षदों ने जिला अध्यक्ष को पत्र लिखकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है।
बिना सूचना सभापति पद से हटाया
शिकायत करने वाले पार्षदों में राजेंद्र सूर्यवंशी (वार्ड 12) और प्रमिला विजयपाल (वार्ड 13) शामिल हैं। दोनों निष्ठावान पार्षदों ने आरोप लगाया है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना या कारण बताए उनके सभापति पदों से हटा दिया गया, जिससे उन्हें ‘गहरा अपमान और पीड़ा’ हुई है।
राजेंद्र सूर्यवंशी को स्वच्छता एवं ठोस अवशिष्ट प्रबंधन विभाग से हटाया गया। प्रमिला विजयपाल को गरीबी उन्मूलन विभाग से हटाया गया।
अध्यक्ष पर ‘तानाशाही कार्यशैली’ का आरोप
पार्षदों ने अपने शिकायत पत्र में अध्यक्ष रमेश सालोडे पर ‘तानाशाही कार्यशैली’ अपनाने का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष ने यह निर्णय लेते समय न तो स्थानीय मंडल अध्यक्ष की स्वीकृति ली और न ही जिला अध्यक्ष शेषराव यादव को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने ज़ोर दिया कि केवल दो सभापतियों को हटाना ‘पार्टी दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन’ है।
‘आगामी चुनाव के लिए हानिकारक’
नाराज़ पार्षदों ने चेतावनी दी है कि अध्यक्ष के इस मनमाने कदम से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उनके वार्डवासियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश गया है।
उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि जुन्नारदेव नगर पालिका में आगामी चुनाव नज़दीक हैं और ऐसे समय में लिया गया यह तानाशाही निर्णय पार्टी की छवि के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। पार्षदों ने जिला अध्यक्ष शेषराव यादव से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।