Chhindwara News : छिंदवाड़ा। भमोड़ी गांव में गुरुवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुर्गी पालक मनोज उर्फ मंत्री को शक था कि पड़ोसी बाबू कोल ने उसकी मुर्गियां मारी हैं। रेलवे स्टेशन के पास हुई बहस के बाद मनोज गुस्से में बाबू के घर पहुंचा और तलवार निकाल ली। बेटे को बचाने आगे आई मां राधा बाई पर तलवार से वार कर दिया।
राधा बाई के हाथ, ठोड़ी और कोहनी पर गहरे घाव आए। वे लहूलुहान हो गईं। ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मनोज को काबू किया, लेकिन वह भाग निकला। राधा बाई को परासिया सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी मनोज के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। तलवार जब्त करने और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने मनोज पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राधा बाई घरेलू काम कर परिवार चलाती हैं। छोटी सी बात पर इतना बड़ा हमला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस जांच में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।