Chhindwara News : छिंदवाड़ा। लंबे समय से बिजली बिल का बकाया चुकाने में परेशान उपभोक्ताओं के लिए मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने दिवाली के बाद सबसे बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने “समाधान योजना 2025-26” शुरू कर दी है, जिसमें एकमुश्त बकाया जमा करने पर पूरा सरचार्ज माफ या भारी छूट मिल रही है। योजना का पहला चरण 1 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
छिंदवाड़ा वृत्त में करीब 1 लाख 37 हजार 552 उपभोक्ता इस योजना के दायरे में हैं। इन पर कुल 32 करोड़ 8 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया है। इसमें घरेलू, दुकानदार, छोटे-बड़े उद्योग और कृषि कनेक्शन शामिल हैं। सरकारी विभागों को इस योजना से बाहर रखा गया है।
अब तक 122 शिविर हो चुके हैं (Chhindwara News)
योजना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कंपनी ने गाँव-गाँव और मोहल्लों में कैंप लगाने शुरू कर दिए हैं। अब तक 122 शिविर हो चुके हैं। शुरुआती हफ्तों में ही 514 उपभोक्ताओं ने इसका फायदा उठाया और 12.27 लाख रुपये का बकाया जमा किया, जिस पर उन्हें 73 हजार रुपये से ज्यादा का सरचार्ज माफ हुआ।
उपभोक्ता अभी तक कैंप में नहीं पहुँच पाए (Chhindwara News)
सबसे खास बात यह है कि जितनी जल्दी आप पंजीयन कराकर एकमुश्त राशि जमा करेंगे, उतनी ही ज्यादा छूट मिलेगी। कंपनी ने सभी बकायेदारों से अपील की है कि 31 दिसंबर तक का यह सुनहरा मौका हाथ से न जाने दें। इसके बाद फिर सरचार्ज के साथ पूरी राशि चुकानी पड़ेगी और कनेक्शन कटने का खतरा भी बढ़ जाएगा। जो उपभोक्ता अभी तक कैंप में नहीं पहुँच पाए हैं, वे नजदीकी वितरण केंद्र या ऑनलाइन पोर्टल पर भी योजना का लाभ ले सकते हैं।