भोपाल। जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने कहा कि सायबर सुरक्षा आज के युग की सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। अपराधी हर दिन नए-नए तरीके अपनाकर आमजन को निशाना बना रहे हैं, इसलिए डिजिटल सतर्कता जरूरी है।
वे बुधवार को रीजनल इंस्टिट्यूट, भोपाल में आयोजित “Black Ribbon Initiative” के 825वें सत्र में बोल रहे थे। कार्यक्रम “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेशभर से 300 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
डॉ. कपूर ने कहा कि फिशिंग, बुलिंग, स्टॉकिंग और ऑनलाइन गेमिंग जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने, अंजान लिंक या कॉल पर क्लिक न करने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को जानकारी देने की अपील की।
उन्होंने युवाओं में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत को मानसिक और आर्थिक नुकसान का कारण बताया। साथ ही कहा कि “डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सोच और व्यवहार दोनों बदलने की जरूरत है।”
कार्यक्रम में मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने डॉ. कपूर को श्रीफल, शॉल, प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के संचालन में सहायक जेल अधीक्षक शुभम मिश्रा और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।