Dindori News : मध्यप्रदेश। मेहंदवानी थाना क्षेत्र के कोड़ाझिर गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात खौफनाक वारदात हुई। गांव के बाहर बने मकान में अकेले सो रहे 55 वर्षीय सुबल शाह धुर्वे पिता फूदीलाल धुर्वे की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से कान के पास वार कर हत्या कर दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हमलावर आराम से वार करके अंधेरे में फरार (Dindori News)
परिवार के लोगों के मुताबिक रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक आवाज आई। जब पत्नी और बच्चे उठे तो सुबल का शव खून से लथपथ पड़ा था। हमलावर घर के उस कमरे से घुसा था, जहां दरवाजा ही नहीं लगा था। गांव की बस्ती से थोड़ा दूर और पास में सिर्फ एक मकान होने की वजह से कोई चीख-पुकार भी किसी ने नहीं सुनी। हमलावर आराम से वार करके अंधेरे में फरार हो गया।
धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज (Dindori News)
सुबल की पत्नी, बेटा और बेटी उसी घर में दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह परिजनों ने डायल-112 को सूचना दी। मेहंदवानी पुलिस तुरंत पहुंची, पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। थाना प्रभारी श्याम सुंदर उसराठे ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।