बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक रणवीर सिंह और मेकर्स के बीच हुई हालिया मीटिंग्स काफी तनावपूर्ण रहीं। सूत्रों का दावा है कि रणवीर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट पर अनप्रोफेशनलिज्म का आरोप लगाया है। रणवीर का कहना है कि फरहान अख्तर फिल्म को लेकर गंभीर नहीं थे और उनके पास कोई बाउंड स्क्रिप्ट (पूरी लिखी हुई पटकथा) तैयार नहीं थी। एक कलाकार के तौर पर रणवीर का तर्क है कि वह केवल उसी प्रोजेक्ट पर काम करना पसंद करते हैं जो पूरी तरह से विकसित हो। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फरहान स्क्रिप्ट को लेकर किसी भी तरह के फीडबैक या बदलाव के सुझावों के लिए तैयार नहीं थे।
इस विवाद के बीच रणवीर सिंह ने एक और चौंकाने वाला दावा किया है। उनके अनुसार एक्सेल एंटरटेनमेंट फिल्म में ऋतिक रोशन को लेने की योजना बना रहा था। फिल्म धुरंधर की सफलता के बाद मेकर्स ने कथित तौर पर ऋतिक को दोबारा अप्रोच किया। गौरतलब है कि ऋतिक रोशन साल 2011 में आई डॉन 2 में भी एक कैमियो भूमिका में नजर आ चुके हैं। रणवीर को लगता है कि मेकर्स उनके प्रति पूरी तरह समर्पित नहीं थे।
दूसरी तरफ फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के पक्ष का कहना है कि रणवीर ने स्क्रिप्ट को हर स्टेज पर अप्रूव किया था लेकिन बाद में वह अनुचित मांगें करने लगे। मेकर्स का मानना है कि फिल्म की तैयारी में हुए भारी नुकसान की भरपाई रणवीर को करनी चाहिए। फिलहाल रणवीर ने अपनी मानसिक शांति के लिए फिल्म से दूरी बना ली है जबकि फरहान अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स और एक्टिंग करियर पर ध्यान दे रहे हैं। अब देखना यह होगा कि डॉन का यह प्रतिष्ठित किरदार आखिर किसकी झोली में गिरता है।