मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में जानकारी दी कि फिल्म ‘शतक’ को पूरे मध्य प्रदेश में करमुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उस सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रनिर्माण के विचार को सशक्त रूप से प्रस्तुत करती है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दशकों से आगे बढ़ाया है। उनके अनुसार, संगठित विचार, मजबूत चरित्र और सेवा भाव से ही आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
गौरतलब है कि ‘शतक’ 20 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में संघ के 100 वर्षों की यात्रा को दर्शाया गया है। इसकी कहानी 1925 में नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा संगठन की स्थापना से शुरू होती है और दिखाया गया है कि किस प्रकार एक छोटे समूह से शुरू हुआ प्रयास आज विशाल संगठन में बदल गया।
फिल्म में डॉ. हेडगेवार के साथ उनके उत्तराधिकारी माधव सदाशिव गोलवलकर (गुरुजी) के जीवन और संघर्षों को प्रमुखता से उकेरा गया है। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम, विभाजन काल, दादरा और नगर हवेली की मुक्ति, कश्मीर मुद्दा और 1975 के आपातकाल के दौरान संगठन की भूमिका को भी दर्शाया गया है।
फिल्म की खासियत यह है कि इसमें एआई और आधुनिक ग्राफिक्स तकनीक के जरिए विनायक दामोदर सावरकर, महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म का निर्देशन आशीष मॉल ने किया है, जबकि निर्माण वीर कपूर ने किया है। अभिनेता अजय देवगन ने फिल्म की कहानी को अपनी आवाज दी है। मुख्यमंत्री के इस फैसले का प्रदेश में व्यापक स्वागत किया जा रहा है।