Mahakaushal Times

ग्वालियर में कोहरे की मार खत्म, बरौनी मेल और सुमावली मेमू फिर पटरी पर, यात्रियों को बड़ी राहत


नई दिल्ली। कोहरा हटते ही ग्वालियर रूट पर ट्रेनों की रफ्तार लौटी, बरौनी मेल और सुमावली मेमू पुराने शेड्यूल पर सर्दियों में घने कोहरे के कारण प्रभावित हुई रेल सेवाएं अब पटरी पर लौट आई हैं। मौसम सामान्य होते ही रेलवे प्रशासन ने ग्वालियर से संचालित कई ट्रेनों के अस्थायी रूप से कम किए गए फेरे बहाल कर दिए हैं।
इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। कोहरे के चलते बरौनी मेल के फेरे सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार के लिए कम कर दिए गए थे। इस कारण यह ट्रेन ग्वालियर से केवल पांच दिन ही संचालित हो रही थी। अब रेलवे ने इसे फिर से नियमित शेड्यूल पर चलाने का निर्णय लिया है। ग्वालियर से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए बरौनी मेल अहम कड़ी है। बरौनी के लिए यह एकमात्र सीधी ट्रेन मानी जाती है, जिससे हजारों यात्री नियमित सफर करते हैं। फेरे कम होने से यात्रियों को या तो वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ रहा था या यात्रा स्थगित करनी पड़ रही थी।
इसी तरह ग्वालियर-सुमावली रूट पर चलने वाली मेमू ट्रेन का एक फेरा भी अस्थायी रूप से घटाया गया था। इस ट्रेन से रोजाना करीब एक हजार यात्री सफर करते हैं। फेरा कम होने के कारण अन्य ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई थी और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। अब इस मेमू का पूरा संचालन भी पूर्ववत कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। सभी संबंधित ट्रेनों को निर्धारित समय और आवृत्ति के अनुसार चलाया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय एक बार अवश्य जांच लें। रेलवे को उम्मीद है कि ट्रेनों के फेरे बहाल होने से न केवल यात्रियों की परेशानी कम होगी, बल्कि राजस्व में भी वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर