GST Team Raid : मध्य प्रदेश। सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) विभाग ने मध्य प्रदेश के कटनी शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापा मारा है। यह कार्रवाई लाखों रुपये की जीएसटी चोरी के संदेह में की गई है, और जांच के दौरान कई गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।
सेंट्रल जीएसटी कमिश्नर लोकेश कुमार लिल्हारे के निर्देश पर टीम ने रविवार को हरिओम ट्रेडर्स और सनराइज सेल्स नामक दो फर्मों पर दबिश दी। जांच टीम ने प्रतिष्ठानों से खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, ई-वे बिल, परिवहन संबंधी दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक डेटा सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों की सघन जांच शुरू की है।
रिकॉर्ड में बड़ा अंतर
प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक और मौके पर मौजूद वास्तविक भंडार में बड़ा अंतर मिला है। इस अंतर से जीएसटी चोरी की आशंका को बल मिला है।
इसके साथ ही, टीम ने शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर भी अपनी जांच का दायरा बढ़ाया है। यहां मालवाहक वाहनों की गहन जांच की जा रही है और उनके दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।
फिलहाल, सेंट्रल जीएसटी की टीम की कार्रवाई जारी है और मामले से जुड़े कई लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जीएसटी चोरी की वास्तविक राशि का खुलासा होने की उम्मीद है।