Mahakaushal Times

गर्मी में राहत का देसी उपाय: रोज पिएं आम पन्ना, मिले ठंडक और एनर्जी


नई दिल्ली।  गर्मियों का मौसम आते ही तेज धूप और बढ़ता तापमान शरीर पर भारी पड़ने लगता है। ऐसे में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी हो जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी सलाह देते हैं कि इस मौसम में ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों का सेवन किया जाए। इन्हीं में एक पारंपरिक और बेहद फायदेमंद पेय है आम पन्ना, जो न सिर्फ आपको ठंडक देता है बल्कि तुरंत ऊर्जा भी प्रदान करता है।

नेशनल हेल्थ मिशन भी गर्मी के दिनों में पर्याप्त तरल पदार्थ लेने पर जोर देता है, ताकि शरीर डिहाइड्रेशन से बचा रहे। ऐसे में आम पन्ना एक बेहतरीन देसी विकल्प बनकर सामने आता है। कच्चे आम से तैयार यह पेय शरीर को अंदर से ठंडा करता है और लू के असर को कम करने में मदद करता है।

आम पन्ना बनाने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है। कच्चे आमों को उबालकर या भूनकर उनका गूदा निकाला जाता है, फिर इसमें चीनी या गुड़, भुना जीरा, काला नमक, साधारण नमक और पुदीना मिलाकर स्वादिष्ट पेय तैयार किया जाता है। इसका स्वाद जितना लाजवाब होता है, फायदे उससे कहीं ज्यादा होते हैं।

सबसे बड़ा फायदा यह है कि आम पन्ना शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करता है। गर्मी में ज्यादा पसीना आने से शरीर में सोडियम और पोटैशियम की कमी हो जाती है, जिसे यह ड्रिंक संतुलित करता है। इससे थकान कम होती है और शरीर को इंस्टेंट एनर्जी मिलती है।

इसके अलावा, यह पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है। कच्चे आम में मौजूद फाइबर और एसिड पाचन एंजाइम्स को सक्रिय करते हैं, वहीं पुदीना और जीरा गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। यही वजह है कि गर्मियों में पेट से जुड़ी परेशानियों से बचने के लिए आम पन्ना बेहद कारगर माना जाता है।

इसमें मौजूद विटामिन C इम्युनिटी को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे मौसमी बीमारियों से बचाव होता है। साथ ही, यह शरीर के तापमान को संतुलित रखता है और हीट स्ट्रोक के खतरे को कम करता है। आम पन्ना त्वचा के लिए भी फायदेमंद है, क्योंकि इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जो त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग बनाते हैं।

इतना ही नहीं, पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार यह लीवर को भी सपोर्ट करता है और अगर सीमित मात्रा में लिया जाए तो वजन नियंत्रण में भी सहायक हो सकता है।

कैसे बनाएं आम पन्ना:
2-3 कच्चे आमों को उबाल लें या भून लें। ठंडा होने पर छीलकर गूदा निकाल लें। इसमें स्वादानुसार चीनी या गुड़, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, सादा नमक और बारीक कटा पुदीना मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे ठंडा पानी मिलाकर सर्व करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर