मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहाँ एक 4 वर्षीय बच्ची की छोटी सी गलती ने पूरे परिवार को अस्पताल पहुँचा दिया। घर में रखे पानी में बच्ची ने अनजाने में कीटनाशक जहर मिला दिया जिसे पीने के बाद परिवार के 10 सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।
ऐसे हुआ कांड
जानकारी के अनुसार बागली गांव के एक परिवार में बच्चे घर के भीतर खेल रहे थे। इसी दौरान 4 साल की बच्ची ने पास ही रखा कीटनाशक उठाया और पीने के पानी के बर्तन में मिला दिया। परिवार के सदस्यों को इस बात की भनक तक नहीं लगी और उन्होंने वही पानी पी लिया। पानी पीने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर सभी को चक्कर आने लगे उल्टियां शुरू हो गई और कुछ लोग बेहोश होने लगे।
मरीजों में 5 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल
जैसे ही स्थिति बिगड़ी पड़ोसियों की मदद से सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। बीमार होने वालों में परिवार के 5 बच्चे 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। अस्पताल के डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इमरजेंसी इलाज शुरू किया।
डॉक्टरों ने दी राहत की खबर
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों का समय पर प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया था। राहत की बात यह है कि अब सभी 10 सदस्यों की हालत स्थिर और सामान्य बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि इलाज में थोड़ी भी देरी होती तो परिणाम घातक हो सकते थे।स घटना ने एक बार फिर घरों में रखे जहरीले रसायनों और कीटनाशकों को बच्चों की पहुँच से दूर रखने की जरूरत को रेखांकित किया है।