Jabalpur News : प्रेम प्रसंग में ब्रेकअप का बदला लेने के लिए पूर्व प्रेमी ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के नए प्रेमी को बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर पीट-पीटकर मार डाला। हमले में लोहे की रॉड और लात-घूंसे बरसाए गए, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमार कुमरे के अनुसार, पन्नी मोहल्ला हुई खदान निवासी राहुल झारिया का क्षेत्र की एक युवती से ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद युवती का मझौली निवासी हरिलाल (उम्र 25 वर्ष) से प्रेम संबंध हो गया। पुराने प्रेमी राहुल को इस नए रिश्ते की भनक लगी तो उसने बदले की भावना से हरिलाल को रविवार रात पन्नी मोहल्ला बुलाया।
लड़की से रिश्ता तोड़ने की धमकी दी (Jabalpur News)
हरिलाल के पहुंचते ही राहुल और उसके साथी अमर उर्फ भगवानदास गोटिया, अरविंद रैकवार, राहुल दुबे, अभिषेक उर्फ भीमसेन दुबे तथा आशु कोल ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने युवक को लड़की से रिश्ता तोड़ने की धमकी दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर लोहे के पाइप (रॉड) और लात-घूंसे से इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह सड़क पर गिर पड़ा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया (Jabalpur News)
घायल अवस्था में सड़क पर पड़े युवक की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।