Mahakaushal Times

Jabalpur News : रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, क्लास के अंदर छात्र को घसीटा

MP Crime News

Jabalpur News : जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के गणित विभाग में बुधवार सुबह उस वक्त दहशत फैल गई जब कुछ बाहरी दबंग छात्र देवेंद्र छात्रावास से आए और चल रही क्लास में घुस गए। बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र नितेश कुमार मरकाम को उन्होंने कुर्सी से खींचा, घसीटते हुए बाहर ले गए और लात-घूंसों व डंडों से जमकर पीटा। इस दौरान आरोपियों ने विभाग के गमले, दरवाजे और फर्नीचर भी तोड़ डाले। पूरी घटना सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी आंखों से देखी।

बिना किसी वजह के हमला किया (Jabalpur News):

पीड़ित छात्र नितेश ने विश्वविद्यालय प्रशासन और गणित विभाग को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उसने बताया कि मुख्य आरोपी सत्यम केवट और उसके 8-10 साथी क्लास में घुसे और बिना किसी वजह के उस पर हमला कर दिया। नितेश का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच कर रहा (Jabalpur News):

घटना के बाद पूरे कैंपस में आक्रोश है। छात्र-छात्राएं डरे हुए हैं और दोषियों पर तुरंत निलंबन व FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। गणित विभागाध्यक्ष डॉ. जे.के. मैत्रा ने कहा, “छात्र ने लिखित शिकायत दी है। हमने तुरंत कुलपति को अवगत कराया है। विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. संजय सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही पुलिस में FIR दर्ज कराई जाएगी। छात्र संगठनों ने भी हस्तक्षेप किया है और चेतावनी दी है कि अगर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर दिनदहाड़े क्लास में घुसकर मारपीट कैसे हो गई। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है और प्रशासन खामोश बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर