Jabalpur News: जबलपुर. मध्यप्रदेश के महाकौशल क्षेत्र में झमाझम बारिश का दौर जारी है. बारिश की वजह से कई जिले में हालात बिगड़ रहे हैं.
श्योपुर में बारिश के बीच एक गर्भवती महिला को नाव की मदद से एंबुलेंस तक लाया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया. बारिश की वजह से कई गांवों का संपर्क शहरों से टूट गया है. मौसम विभाग ने महाकौशल के कई जिलों को यलो अलर्ट की श्रेणी में रखा है, जहां 24 घंटे में 4 इंच बारिश की संभावना जताई है. झमाझम बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर है. बारिश की वजह से बुरी तरह से जन जीवन प्रभावित हो रहा है. गांवों से शहरों का संपर्क भी टूट गया है.
गर्भवती महिला को नाव का सहारा
श्योपुर जिले में हो रही झमाझम बारिश की वजह से कूनो नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. जिले के वीरपुर क्षेत्र में दिमरक्षा गांव के पास कूनो नदी का जलस्तर बढऩे से गांव का मुख्य रास्ता बंद हो गया. इस दौरान एक गर्भवती महिला कृष्णा पत्नी लोकेन्द्र राव को प्रसव पीड़ा हुई, जिसे अस्पताल पहुंचाना जरुरी हो गया. परिजनों ने वीरपुर थाना प्रभारी भारत सिंह गुर्जर को समस्या से अवगत कराया, जिसके बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे एवं तत्काल एसडीईआरएफ टीम को बुलाया गया. गर्भवती महिला को नाव से इस पार सडक़ तक लाया गया, जिसके बाद एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया.
डिंडौरी में रास्ता बंद
इधर डिंडौरी जिले में भी लगातार बारिश की वजह से नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जो खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, नदी के कई घाट डूब गए. इमली कूटी घाट में 6 गौवंश फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके अलावा डिंडौरी-अमरपुर मार्ग पर खरमेर नदी में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण रास्ता बंद है. किसी अनहोनी को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है.
उमरिया-मंडला में भी बिगड़े हालात
इधर हालातार बारिश की वजह से उमरिया और मंडला में भी हालात बिगड़ रहे हैं. उमरिया जिले में उमडार नदी के उफान पर होने से लालपुर का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है. वहीं मंडला में इस सीजन में अब तक 50.54 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि मंडला की औसत बारिश 36.1 इंच है, इस हिसाब से अब तक 14.62 इंच ज्यादा बारिश हो चुकी हैं.
जबलपुर में भी 3 इंच ज्यादा बारिश
महाकौशल के प्रमुख शहर जबलपुर में भी इस मानसूनी सीजन में अब तक अच्छी बारिश हुई है. जबलपुर में भी औसत से तीन इंच ज्यादा बारिश हो चुकी है. जबलपुर में अब तक 36.31 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि जबलपुर में बारिश का लक्ष्य 33.11 इंच है, वहां अ तक 3.19 इंच बारिश ज्यादा हो चुकी है और बारिश लगातार जारी रहने की संभावना बनी है.