Jabalpur News : मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित सेठ गोविंद दास (विक्टोरिया) जिला अस्पताल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में चूहों के खुले घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई चूहे मरीजों के बिस्तर के नीचे और आसपास बेखौफ दौड़ते नजर आ रहे हैं। यह घटना मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।
कार्यशैली पर उंगलियां उठने लगीं (Jabalpur News)
वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आईसीयू जैसे संवेदनशील क्षेत्र में चूहे मरीजों के बेड के पास और यहां तक कि खाने की टिफिन पर चढ़ते दिख रहे हैं। मरीज के परिजनों ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर सार्वजनिक किया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उंगलियां उठने लगीं। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अस्पताल प्रशासन की उदासीनता उजागर (Jabalpur News)
यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भी चूहों ने मरीजों और उनके परिजनों के पैर कुतरने की वारदातें सामने आई थीं, जिससे अस्पताल प्रशासन की उदासीनता उजागर हुई थी। प्रदेश के अन्य अस्पतालों, जैसे इंदौर के एमवाई अस्पताल में भी चूहों से जुड़े गंभीर मामले चर्चा में रहे हैं।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो सत्य पाया गया तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, इस घटना ने मरीजों और उनके परिवारों में दहशत पैदा कर दी है, साथ ही सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता पर फिर से संदेह गहरा दिया है।