Jabalpur News : जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के जॉनसन स्कूल के पास स्थित चर्च हॉस्टल में बुधवार शाम हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोल दिया। आरोप है कि एक कार्यक्रम की आड़ में बच्चों का धर्मांतरण कराया जा रहा था। संगठन के लोग कार्यक्रम संचालकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे और जमकर गाली-गलौज की।
हिंदू संगठनों का दावा था कि हॉस्टल में हिंदू बच्चों को बाइबिल पढ़ाई जा रही थी और अंधमुख बायपास के पास स्थित छात्रावास से बच्चों को जबरन लाकर धर्म बदलने की कोशिश की जा रही थी।
बच्चों ने आरोपों को किया खारिज (Jabalpur News)
विवाद बढ़ने पर सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। बच्चों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे हॉस्टल प्रबंधन की इजाजत से कार्यक्रम में आए थे। हर साल क्रिसमस के मौके पर ऐसे आयोजन होते हैं और वे स्वेच्छा से शामिल होते हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।