Katni News : कटनी। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से बाहर धान की अवैध खरीद-फरोख्त और अंतरराज्यीय तस्करी के शक पर कटनी जिला प्रशासन ने बुधवार देर रात कुठला थाना क्षेत्र में तीन बड़े वेयरहाउसों पर एक साथ दबिश दी। कृष्णा वेयरहाउस, महादेव मधुर वेयरहाउस और श्री निवास वेयरहाउस में भारी मात्रा में धान का स्टॉक मिला। मौके पर 80 से ज्यादा धान के कट्टे जब्त किए गए, जबकि उत्तर प्रदेश नंबर के ट्रक खड़े मिलने से अवैध आवागमन का संदेह और गहरा गया है।
तहसीलदार, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, मंडी सचिव और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पूरी रात छापेमारी की। सभी वेयरहाउसों से बिल, स्टॉक रजिस्टर, परिवहन दस्तावेज और खरीद के रिकॉर्ड कब्जे में लिए गए हैं। मंडी सचिव ने बताया कि प्रथम दृष्टया कई दस्तावेज संदिग्ध लग रहे हैं। धान का स्रोत, खरीदार और परिवहन की वैधता की गहन जांच चल रही है। (Katni News)
लंबे समय से इन तीनों वेयरहाउसों पर नजर थी। स्थानीय किसानों और व्यापारियों का आरोप था कि यहां MSP से कम दाम पर किसानों से धान खरीदा जा रहा है और फिर बाहर भेजा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील और बड़ा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह सिर्फ नियम उल्लंघन है या संगठित धान तस्करी का नेटवर्क चल रहा था। (Katni News)
अगर दस्तावेज गड़बड़ पाए गए तो वेयरहाउस मालिकों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम और मंडी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल पूरा स्टॉक सील कर दिया गया है और जांच तेज कर दी गई है। कटनी के किसान और व्यापारी प्रशासन की इस सख्ती की सराहना कर रहे हैं।