Katni News : मध्यप्रदेश। कटनी, डिंडौरी, जबलपुर, सिवनी और मंडला जिलों में आदिवासियों के नाम पर करोड़ों की जमीनें कथित तौर पर हड़पने के गंभीर आरोपों को लेकर मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस ने बुधवार को जबरदस्त हल्ला बोला। आदिवासी संगठनों के साथ मिलकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव किया।
युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव अंशु मिश्रा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे और सीधे कलेक्ट्रेट गेट तक पहुंच गए। (Katni News)
कार्यकर्ता गेट फांदकर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विधायक संजय पाठक और उनके करीबियों ने आदिवासी नामों का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर जमीनें खरीदीं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन खामोश बैठा है और विधायक को बचाने का काम कर रहा है। (Katni News)
नारों से गूंजते कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर तत्काल जांच नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। काफी देर तक चले हंगामे के बाद प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
ज्ञापन में कहा गया है कि आदिवासी समाज की जमीनों को गैर-कानूनी तरीके से हस्तांतरित किया गया है, जो संविधान की पांचवीं अनुसूची का खुला उल्लंघन है। युवक कांग्रेस ने ऐलान किया कि जब तक विधायक संजय पाठक के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस ने भारी बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित रखा।