Mahakaushal Times

MP Accident News : बड़वानी में नर्मदा परिक्रमा बस पलटी, 30 से ज्यादा यात्री घायल

MP News

MP Accident News : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पहाड़ी इलाके में बोकराटा-खेतिया मार्ग पर शुक्रवार सुबह नर्मदा परिक्रमा के यात्रियों से भरी स्लीपर बस पलट गई। बस नंबर एमपी 46 जेडपी 7986 डबल डेकर थी, जिसमें कई महिलाएं और पुरुष तीर्थयात्री सवार थे। हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

बस सुबह बोकराटा से खेतिया की ओर जा रही थी। करीब 9:30 बजे ग्राम बायगौर के पास यह दुर्घटना हुई। यात्रियों का ग्रुप ओंकारेश्वर से बड़वानी आया था और महाराष्ट्र के प्रकाशपुर जा रहा था। गुरुवार शाम को वे रोहिणी तीर्थ पर आरती-पूजन कर बोकराटा में रुके थे।

घायलों को ग्रामीणों की मदद से बस से निकाला गया। गंभीर रूप से घायलों को खेतिया अस्पताल भेज दिया गया। मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। भीड़ जमा हो गई और लोग रास्ता रोककर बस को सीधा करने की कोशिश कर रहे थे। पानसेमल से क्रेन बुलाई गई है।

यह सड़क घुमावदार और घाटी वाली है। बीच में मोबाइल नेटवर्क न होने से पुलिस को संपर्क में परेशानी हो रही है। बस में कितने यात्री थे और वे कहां के निवासी थे, इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर