MP News : सतना जिले के उचेहरा थाने के इचौल गांव में सोमवार दोपहर को एक बेहद दुखद हादसा हुआ। 21 साल की शिवानी बंशकार अचानक 90 फीसदी तक जल गईं और उनकी हालत इतनी नाजुक है कि मैहर अस्पताल से फौरन जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। शिवानी की मई 2025 में शादी हुई थी।
पानी में सिंदूर घोलकर पी लिया था (MP News)
हैरानी की बात ये है कि शिवानी तो रविवार रात को ही इलाज के बाद घर लौटी थीं। दरअसल 30 नवंबर की शाम को कुछ बात से नाराज होकर उन्होंने पानी में सिंदूर घोलकर पी लिया था। घरवाले घबराकर उन्हें मैहर अस्पताल ले गए, वहाँ इलाज चला और अगले दिन दोपहर सवा एक बजे डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया। घर पहुँचीं और महज तीन घंटे बाद, यानी दोपहर चार बजे के करीब वो अचानक आग की लपेट में आ गईं।
तुरंत जबलपुर रेफर कर दिया (MP News)
परिजनों ने उनकी चीखें सुनकर दौड़ लगाई, किसी तरह आग बुझाई और फिर 108 से दोबारा मैहर अस्पताल पहुँचाया। वहाँ डॉक्टरों ने हालत देखी और तुरंत जबलपुर रेफर कर दिया। अभी वो बोलने-बताने की हालत में नहीं हैं। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और मायके वालों को सूचना भेज दी है।
गांव में तरह-तरह की बातें हो रही हैं, लेकिन अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिवानी के ठीक होने और उनका बयान आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि ये हादसा था या कुछ और। अभी सबसे बड़ी प्राथमिकता उनकी जान बचाना है।