MP News : भोपाल। मध्यप्रदेश कैडर के 2009 बैच के तेज-तर्रार आईएएस अधिकारी अविनाश लवानिया को केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण पद सौंपा है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने उन्हें कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में डायरेक्टर के पद पर प्रतिनियुक्ति के लिए चुना है। यह नियुक्ति सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत पांच वर्षों के लिए की गई है।
DoPT ने राज्य की मुख्य सचिव को भेजे पत्र में तत्काल प्रभाव से अविनाश लवानिया को राज्य सरकार की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही वे दिल्ली पहुंचकर नया पदभार संभालेंगे। (MP News)
फिलहाल अविनाश लवानिया जबलपुर में मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं। ऊर्जा क्षेत्र में उनके कुशल प्रबंधन और सुधारात्मक कदमों की प्रदेश में खूब तारीफ हुई है। इससे पहले भी उन्होंने कई जटिल जिलों और विभागों में अपनी छाप छोड़ी है और साफ-सुथरी छवि के साथ प्रभावी प्रशासन के लिए जाने जाते हैं। (MP News)
कृषि मंत्रालय में उनकी नियुक्ति को मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात माना जा रहा है। प्रदेश के अधिकारी अब केंद्र के महत्वपूर्ण नीति-निर्माण में सीधी भूमिका निभाएंगे, खासकर किसान कल्याण और कृषि सुधारों के क्षेत्र में। लवानिया की इस नई पारी के लिए प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में बधाइयों का दौर शुरू हो गया है।