MP News : मध्यप्रदेश। बारिश के बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को निवाड़ी जिले के दौरे के दौरान रेलवे स्टेशन का अचानक जायजा लिया। स्टेशन परिसर में चल रहे सीमेंट कंक्रीट (सीसी) कार्य, प्लेटफॉर्म की धंसी टाइलें और फुट ओवर ब्रिज की जर्जर सीढ़ियां जैसी कई कमियां नजर आईं। गुणवत्ता पर नाराजगी जाहिर करते हुए मंत्री ने ठेकेदार और डीआरएम से फोन पर बात की और सभी खामियों को तुरंत ठीक करने के आदेश दिए।
मंत्री ने कहा कि रेलवे के काम उच्च स्तर के होने चाहिए, लेकिन यहां घटिया सामग्री का इस्तेमाल साफ दिख रहा है। सीसी कार्य में सीमेंट कम होने से गिट्टियां बाहर झांक रही हैं, जबकि प्लेटफॉर्म की टाइलें पहले ही बैठ चुकी हैं। निरीक्षण में स्टेशन में जानवरों का घुसना भी मंत्री को चुभा। स्टेशन मास्टर ने बताया कि केतली गार्ड न लगने से गाय-बैल अंदर घुसकर गंदगी फैलाते हैं। मंत्री ने फौरन इंतजाम सुधारने को कहा।
नागरिकों ने मंत्री से निजामुद्दीन-प्रयागराज नई ट्रेन का निवाड़ी स्टेशन पर रुकवाने की गुजारिश की, जिस पर उन्होंने हामी भरी। बाद में अल्प प्रवास में मंत्री ने पृथ्वीपुर के गोरा हाईस्कूल का भी दौरा किया। बारिश में भीगते हुए स्कूल पहुंचे और स्टाफ की तारीफ की। जर्जर कमरों की मरम्मत, बाउंड्री वॉल बनाने और पानी निकासी सुधारने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। बारिश में निरीक्षण पर स्थानीय लोगों ने मंत्री की तारीफ की और इसे जमीनी स्तर का सराहनीय कदम बताया।