MP Viral Video : मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलियामंडी-मनासा रोड पर एक चलती कार की छत पर युवकों ने पटाखे फोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक कार (नंबर एमपी 09 डीसी 8139) के ऊपर पटाखे जलाते और मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते दिख रहे हैं। कुछ युवक बाइक पर कार के आगे-पीछे चलकर वीडियो बना रहे थे। एक युवक तो कार की खिड़की से लटककर शूटिंग करता नजर आया।
यह स्टंट सड़क सुरक्षा के नियम तोड़ने वाला और जानलेवा था। इससे न सिर्फ यात्रियों को खतरा हुआ, बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ गई।
वीडियो वायरल होते ही पिपलियामंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव ने कार को पकड़ लिया। इंदौर से आ रही इस गाड़ी का सीसीटीवी से पता लगाया। चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 132(2)/184 के तहत चालान काटा गया। युवकों के परिवार वालों को थाने बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस ने कहा कि ऐसी लापरवाही पर भविष्य में सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।