MP Weather Update : भोपाल। मध्यप्रदेश में सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरुवार को 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जहां दृश्यता 50 मीटर तक सिमट सकती है। ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। साथ ही भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर और इंदौर में शीतलहर का कहर जारी रहेगा।
घने कोहरे का अलर्ट वाले जिले (MP Weather Update) :
ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी। इन क्षेत्रों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की चेतावनी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 19 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। इसके बाद एक और सिस्टम आने की संभावना है। उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम 12.6 किमी ऊंचाई पर 185 किमी/घंटा की रफ्तार से बह रही है, जिसका असर मध्यप्रदेश तक पहुंच रहा है।
न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट (MP Weather Update) :
मंगलवार-बुधवार रात सबसे ठंडा शहर मंदसौर रहा, जहां पारा 3.7°C तक गिरा। शाजापुर में 3.8°C, इंदौर में 4.9°C, भोपाल में 5.1°C, ग्वालियर में 9.8°C, उज्जैन में 8°C और जबलपुर में 8.6°C दर्ज किया गया। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
कोहरे से रेल यातायात प्रभावित (MP Weather Update) :
उत्तर भारत के खराब मौसम का असर मध्यप्रदेश पर भी पड़ रहा है। दिल्ली से आने वाली 15 से ज्यादा ट्रेनें रोजाना देरी से चल रही हैं। शताब्दी, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, राप्ती सागर, पातालकोट, कुशीनगर, सचखंड, अमृतसर-नांदेड़, मदुरई-चंडीगढ़, तमिलनाडु, केरल, भोपाल एक्सप्रेस और कर्नाटक संपर्क क्रांति जैसी ट्रेनें 20 मिनट से 5 घंटे तक लेट हैं। भोपाल स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस भी देरी से पहुंच रही है। इंदौर-उज्जैन रूट की ट्रेनें भी प्रभावित हैं।