भोपाल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने 2026 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इससे लाखों उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की पहले से योजना बनाने में बड़ी मदद मिलेगी। कैलेंडर में प्रमुख परीक्षाओं की तारीखें तय कर दी गई हैं।
मुख्य परीक्षाओं की तारीखें
– राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा: 26 अप्रैल 2026
– स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा: 22 मार्च 2026
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा (तीन चरणों में) –
– पहला चरण: 12 जुलाई 2026
– दूसरा चरण: 2 अगस्त 2026
– तीसरा चरण: 30 अगस्त 2026
यह चौथी बार है जब तीन साल में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती हो रही है। इस बार करीब 1500 पदों पर नियुक्तियां होने की उम्मीद है, जो शिक्षित युवाओं के लिए बड़ा अवसर है।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की तारीख लंबित
कोर्ट में एक मामला लंबित होने के कारण राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। आयोग ने कहा कि कोर्ट का फैसला आते ही तारीख घोषित कर दी जाएगी।
मार्च से दिसंबर 2026 के बीच 10-12 अन्य परीक्षाओं के विज्ञापन जारी होंगे। इनमें विभिन्न विभागों की भर्तियां शामिल होंगी। हर विज्ञापन में पद संख्या, आवेदन तारीखें, परीक्षा पैटर्न आदि की पूरी जानकारी दी जाएगी। आयोग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे mppsc.mp.gov.in पर नियमित नजर रखें। कैलेंडर में कोई बदलाव होने पर तुरंत सूचना दी जाएगी।