Jabalpur School Holiday : मध्यप्रदेश। जबलपुर के अंजुमन इस्लामिया स्कूल के शुक्रवार छुट्टी और रविवार को स्कूल लगाने के आदेश वाला मामला अब तूल पकड़ रहा है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस मामले में बयान दिया है। इसके बाद अब यह मामला सियासी रूप लेता जा रहा है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, मुल्ला-मौलवी तय नहीं करेंगे कि, स्कूल की छुट्टी कब होगी।
दरअसल, जबलपुर के अंजुमन इस्लामिया स्कूल ने शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के लिए छुट्टी घोषित कर दी थी। इसके बदले रविवार को स्कूल लगेगा ऐसी बात की गई थी। यह आदेश स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप पर जारी किया गया। इस फैसले पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का शिक्षा विभाग ही अवकाश तय करता है। मुल्ला-मौलवी इसका फैसला नहीं ले सकते। शर्मा ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी इस ‘तुगलकी फरमान’ का विरोध किया। संगठन ने कलेक्टर को पत्र लिखकर आदेश रद्द करने की मांग की। मोर्चा का कहना है कि यह भारतीय संविधान की व्यवस्था के विरुद्ध है। अवकाश की घोषणा राज्य शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार ही होनी चाहिए। संगठन ने स्कूल प्रबंधन पर तुरंत कार्रवाई की मांग उठाई।