Narsinghpur News : नरसिंहपुर। त्याग और वैराग्य की एक असाधारण मिसाल पेश करते हुए, नरसिंहपुर के ओसवाल (बच्छावत) परिवार ने सांसारिक जीवन को त्यागने का निर्णय लिया है। अनामिका ओसवाल, उनके पति दिनेश कांकरिया, डॉक्टर बेटी हर्षिता और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की पढ़ाई कर रहे बेटे विधान, ये चारों सदस्य आगामी 9 नवंबर को आचार्य जिन पीयूष सागर के सान्निध्य में जैन दीक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
5 करोड़ से अधिक की संपत्ति का परित्याग (Narsinghpur News)
स्वर्गीय टीकमचंद ओसवाल और श्रीमती कमलाबाई ओसवाल की बेटी अनामिका का विवाह महाराष्ट्र के धूलिया निवासी दिनेश कांकरिया से हुआ था। इस पूरे परिवार के पास 5 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति है, जिसका परित्याग कर वे आत्मसाधना के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। समाज इस त्याग को अत्यंत प्रेरणादायक कदम मान रहा है।
इस परिवार की एक अन्य बेटी वर्ष 2022 में ही दीक्षा ग्रहण कर चुकी हैं और वर्तमान में साध्वी शाश्वत निधि के रूप में साधना कर रही हैं।
9 नवंबर को होगा भव्य अभिनंदन समारोह (Narsinghpur News)
इस ऐतिहासिक दीक्षा के उपलक्ष्य में, सकल जैन श्वेतांबर संघ द्वारा 9 नवंबर को भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। अभिनंदन समारोह श्री मुनिसुब्रत स्वामी जैन श्वेतांबर मंदिर, गुदरी बाजार में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा।
समारोह से पहले, दीक्षार्थी परिवार का बरघोड़ा (शोभा यात्रा) मेन रोड से बाहरी रोड तक धूमधाम से निकाली जाएगी।