Narsinghpur News : मध्यप्रदेश। नरसिंहपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक तेज रफ्तार इनोवा कार सवार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। जिस व्यक्ति को टक्कर लगी वो कोई और नहीं बल्कि एएसआई था।
अब तक कार चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई
मामला 4 अक्टूबर का है। नरसिंहपुर के करेली गुरुद्वारा के पास एएसआई को टक्कर मारी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अब तक कार चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एएसआई लालसिंह सेन समेत दो अन्य लोग सड़क पर गिर गए
एएसआई लालसिंह सेन जबलपुर के चरगुवा थाने में पदस्थ हैं। 4 अक्टूबर की रात वे ड्यूटी से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से एक इनोवा कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि, एएसआई लालसिंह सेन समेत दो अन्य लोग सड़क पर गिर गए।
आरोपी की पहचान कुणाल शर्मा के रूप में हुई
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल लाया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है। आरोपी की पहचान कुणाल शर्मा के रूप में हुई है। उसकी तलाश की जा रही है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।