Balaghat Naxal Encounter : बालाघाट, मध्यप्रदेश। बालाघाट में नक्सली और पुलिस आमने – सामने हैं। बताया जा रहा है कि, माओवादियों की मुठभेड़ पुलिस से हुई है। इस मुठभेड़ में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन जंगल में सर्च अभियान जारी है।
पुलिस की मुठभेड़ उन नक्सलियों से हुई जिन्होंने मुखबिरी के शक में एक युवक को मौत के घाट उतार दिया था। शुक्रवार देर रात किरनापुर थाना क्षेत्र के कलकत्ता के घने जंगल में हुई इस मुठभेड़ में कोई घायल भी नहीं हुआ है लेकिन यह अहम इसलिए मानी जा रही है क्योंकि जिले में नक्सल विरोधी अभियान जोरों पर है।
ASP आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि, मलाजखंड दलम के माओवादी ने सर्चिंग कर रहे सुरक्षा जवानों पर फायरिंग की। इसके बाद जवानों ने माओवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान कलकत्ता सहित आसपास की अन्य जगह पर सर्चिंग कर रहे हैं।