Ratlam News : रतलाम। रेलवे पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदना एक बार फिर सामने आई है। बांद्रा टर्मिनस से गाजीपुर सिटी जा रही ट्रेन नंबर 20941 एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। इस मुश्किल घड़ी में ऑन ड्यूटी महिला कांस्टेबल शिवानी ने तत्परता दिखाते हुए प्रसव करवाया।
महिला वापी (गुजरात) से गाजीपुर की यात्रा कर रही थी। ट्रेन के रतलाम पहुंचने पर आरपीएफ पुलिस की मदद से जच्चा और बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों को भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
कांस्टेबल शिवानी की इस बहादुरी और संवेदनशीलता की चारों तरफ सराहना हो रही है। यात्रियों ने भी उनकी मदद की तारीफ की। यह घटना रेलवे पुलिस की यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।