नई दिल्ली :देश में पेट्रोल डीजल और एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच सरकार और तेल कंपनियों ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा है कि देश में कहीं भी ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य तरीके से जारी है
Bharat Petroleum Corporation Limited ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। कंपनी ने साफ कहा कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों का नेट एक्सपोर्टर है और कच्चे तेल से लेकर एविएशन टर्बाइन फ्यूल तक का भंडार पर्याप्त मात्रा में मौजूद है
कंपनी ने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया कि वे घबराहट में पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं क्योंकि इससे अनावश्यक दबाव बनता है। भरोसा दिलाया गया कि देशभर में ईंधन की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी
इसी तरह Hindustan Petroleum Corporation Limited ने भी बयान जारी कर कहा कि पेट्रोल डीजल और एलपीजी की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है। कंपनी ने ग्राहकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और सामान्य रूप से ईंधन का उपयोग करते रहें
सरकार ने भी इस मामले में स्थिति साफ की है। Ministry of Petroleum and Natural Gas के अनुसार देश की सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और किसी तरह की कमी की आशंका नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि देशभर में एक लाख से ज्यादा पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं
एलपीजी सप्लाई को लेकर भी स्थिति मजबूत बताई गई है। एक दिन में हजारों नए कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं और आपूर्ति को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार नए स्रोतों पर भी काम कर रही है ताकि भविष्य में किसी तरह की दिक्कत न आए
इसके साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। देशभर में सैकड़ों एफआईआर दर्ज की गई हैं और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले 24 घंटों में हजारों छापेमारी कर बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए गए हैं