Mahakaushal Times

इन 5 लोगों को भूलकर भी नहीं करना चाहिए चिया सीड्स का सेवन, जानिए क्‍या कहते हैं डॉक्टर ?


नई दिल्ली: सेहत के लिए फायदेमंद माने जाने वाले चिया सीड्स आजकल काफी लोकप्रिय हो गए हैं। इनमें भरपूर मात्रा में फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड और कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पाचन और आंतों की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक यह हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित नहीं हैं। गलत तरीके या गलत स्थिति में इनका सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है।

विशेषज्ञों ने बताया है कि किन परिस्थितियों में चिया सीड्स से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आंतों और मेटाबॉलिज्म के लिए फायदेमंद हो सकते हैं, लेकिन इनकी मात्रा और व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति बेहद महत्वपूर्ण है।

1. निगलने में दिक्कत वाले लोग
डॉक्टर के अनुसार चिया सीड्स पानी में मिलकर अपने वजन से 10 से 12 गुना तक फूल जाते हैं। ऐसे में इन्हें सूखा खाने पर ये गले या भोजन नली में फंस सकते हैं। जिन लोगों को निगलने में परेशानी है या भोजन नली संकरी है, उन्हें इनसे बचना चाहिए।

2. अचानक ज्यादा फाइबर लेने वाले
दो बड़े चम्मच चिया सीड्स में लगभग 10 ग्राम फाइबर होता है। अगर कोई व्यक्ति अचानक अपने आहार में इतना फाइबर जोड़ ले, तो गैस, पेट फूलना और पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। यह समस्या चिड़चिड़ी आंत (IBS) के मरीजों में ज्यादा देखी जा सकती है।

3. ब्लड थिनर दवा लेने वाले
चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जिसका हल्का असर खून को पतला करने जैसा हो सकता है। इसलिए जो लोग पहले से ब्लड थिनर दवाएं ले रहे हैं, उन्हें इनका सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए।

4. आंतों की गंभीर समस्या वाले मरीज
जिन लोगों को आंतों की गति धीमी होने या पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर समस्याएं हैं, उनके लिए चिया सीड्स परेशानी बढ़ा सकते हैं। यह बीज जेल जैसा बनकर आंतों में भारीपन पैदा कर सकते हैं।

5. बीज से एलर्जी वाले लोग
हालांकि यह स्थिति दुर्लभ है, लेकिन जिन लोगों को बीजों से एलर्जी होती है, उन्हें चिया सीड्स से पूरी तरह बचना चाहिए, क्योंकि इससे एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है।

सही तरीके से सेवन जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार अधिकतर लोगों के लिए चिया सीड्स फायदेमंद हैं, बशर्ते इन्हें सही तरीके से लिया जाए। इन्हें हमेशा पानी, दूध या दही में भिगोकर ही खाना चाहिए।

डॉक्टर सलाह देते हैं कि शुरुआत एक चम्मच से करें और धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाकर दो चम्मच तक ले जाएं। सही मात्रा और सही तरीके से सेवन करने पर ये आंतों की सेहत और शरीर के लिए काफी लाभकारी हो सकते हैं, लेकिन हर व्यक्ति की स्थिति अलग होती है, इसलिए सावधानी जरूरी है।

(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से बात करें। हम किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदार नहीं है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर