प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडियन नेशनल कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश के भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, राजेंद्र शुक्ला, विजय शाह और कैलाश विजयवर्गीय के विरोध में पुतला दहन कर रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि पुतले पर ज्वलनशील पदार्थ डालने के दौरान कुछ छींटे यातायात प्रभारी की वर्दी पर भी पड़ गए, जिससे अचानक आग भड़क उठी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पाया और घायल अधिकारी को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
सूत्रों के मुताबिक अधिकारी के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उपाय किए हैं।