Mahakaushal Times

एमपी में मौसम लेगा करवट, 18 मार्च तक कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत


भोपाल। मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार को उत्तर और दक्षिणी क्षेत्र के 8 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं। विभाग के अनुसार 18 मार्च तक प्रदेश में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में इस साल मार्च में पहली बार मावठा गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ सिस्टम की वजह से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 17 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रहेगा।

इन जिलों में बारिश की संभावना

16 मार्च: बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर।
17 मार्च: सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर।
18 मार्च: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा।

गर्मी से मिल सकती है राहत

शनिवार को प्रदेश में तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा। भोपाल और इंदौर सहित कई जिलों में सुबह से ही कड़ी धूप रही। नर्मदापुरम में पिछले दो दिनों से तीव्र लू का असर दर्ज किया गया, जहां दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ी है। पिछले तीन दिनों से कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग में गर्मी का प्रभाव ज्यादा देखा जा रहा है।

नर्मदापुरम सबसे गर्म

नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। शनिवार को यहां लगातार तीसरे दिन तेज गर्म हवाएं चलीं और अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है। वहीं, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन की तुलना में जबलपुर ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य जिलों का तापमान

मौसम विभाग के अनुसार नर्मदापुरम के बाद खरगोन दूसरा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मंडला, रतलाम, दमोह, खंडवा, खजुराहो, रायसेन, शाजापुर, गुना, नरसिंहपुर, सतना, सिवनी, बैतूल, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, उमरिया, सागर और धार में भी तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में भोपाल का तापमान 37.2 डिग्री, इंदौर 36.6 डिग्री, ग्वालियर 34.1 डिग्री, उज्जैन 36.5 डिग्री और जबलपुर 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर