Mahakaushal Times

टी-20 फाइनल से पहले उज्जैन में मिर्ची यज्ञ: मां बगलामुखी धाम में रातभर मंत्रोच्चार, टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना


उज्जैन । भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी 20 फाइनल मुकाबले को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें जहां मैदान पर टिकी हैं, वहीं कई जगहों पर टीम इंडिया की जीत के लिए धार्मिक अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार रात प्रसिद्ध मां बगलामुखी धाम में टीम इंडिया की जीत की कामना को लेकर विशेष मिर्ची यज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु संत और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

भैरवगढ़ रोड स्थित मां बगलामुखी धाम में आयोजित इस अनुष्ठान की शुरुआत विधि विधान के साथ हुई। करीब 51 पुजारियों ने मंत्रोच्चार करते हुए हवन कुंड में आहुति दी और टीम इंडिया की सफलता के लिए प्रार्थना की। यज्ञ के दौरान पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां बगलामुखी की कृपा से भारतीय टीम फाइनल मुकाबले में जीत हासिल करेगी।

इस अवसर पर मंदिर के महंत पीर रामनाथ महाराज ने भी विशेष पूजा अर्चना कर टीम इंडिया की जीत की कामना की। उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी संकटों को दूर करने वाली देवी मानी जाती हैं और उनकी कृपा से हर बाधा समाप्त होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों को देवी का आशीर्वाद मिलेगा और भारत विजय हासिल करेगा।

रविवार शाम सात बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी 20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। इस अहम मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। इसी उत्साह और आस्था के संगम के रूप में उज्जैन में यह विशेष मिर्ची यज्ञ किया गया। यज्ञ में क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया भी शामिल हुए और हवन में आहुति देकर टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की।

अनुष्ठान के दौरान बटुकों ने हाथों में तिरंगा और भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीरें लेकर मंत्रोच्चार किया। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव सहित अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और ईशान किशन के नाम से विशेष प्रार्थनाएं की गईं। पूरे आयोजन में आस्था और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।

पंडित गोपाल शर्मा ने बताया कि मिर्ची यज्ञ का विशेष महत्व होता है। परंपरागत रूप से यह यज्ञ शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने और बाधाओं को दूर करने के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस यज्ञ में खड़ी लाल मिर्च, सरसों, जायफल, श्रीफल, शुद्ध घी, बहेड़ा और अन्य हवन सामग्री से आहुति दी जाती है।

सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि प्राचीन समय में राजा युद्ध पर जाने से पहले विशेष यज्ञ करवाते थे, ताकि विजय सुनिश्चित हो सके। उसी परंपरा के तहत आज टीम इंडिया की सफलता के लिए यह धार्मिक अनुष्ठान किया गया है। महंत रामनाथ जी ने भी बताया कि पहले भी इस तरह के अनुष्ठानों के बाद भारतीय टीम को सफलता मिली है। रातभर चले इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने मां बगलामुखी से प्रार्थना की कि भारतीय टीम फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करे और देश का नाम रोशन करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर