Mahakaushal Times

आर्चरी एशिया कप: कंपाउंड तीरंदाजों का जलवा, भारत ने जीते 10 पदक


नई दिल्ली। आर्चरी एशिया कप में भारत के कंपाउंड और रिकर्व तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया। शुक्रवार को समाप्त हुए मुकाबलों में भारतीय तीरंदाजों ने कुल 10 पदक: दो गोल्ड, चार सिल्वर और चार ब्रॉन्ज अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला व्यक्तिगत इवेंट, टीम इवेंट और मिक्स्ड टीम मुकाबलों में भारत का दबदबा देखने को मिला।

पुरुषों के कंपाउंड इवेंट में क्लीन स्वीप
पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड फाइनल में उदय कंबोज ने एशियन गेम्स के मेडलिस्ट प्रथमेश जवकर को 145-144 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं रजत चौहान ने थाईलैंड के पीरावत रत्नापोंगकियात को भी 145-144 से मात देकर भारत के लिए क्लीन स्वीप पूरा किया। इस शानदार प्रदर्शन ने भारतीय आर्चरी की ताकत को पूरी दुनिया के सामने रखा।

महिला कंपाउंड टीम और व्यक्तिगत उपलब्धियां
महिला व्यक्तिगत कंपाउंड इवेंट में तेजल साल्वे ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर मारिया डिमिडियुक को 144-135 से हराया। टीम इवेंट में भी भारतीय तीरंदाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। कंपाउंड मिक्स्ड टीम में भारत की जोड़ी चिकिता तनिपार्थी और रजत चौहान ने कड़े मुकाबले में मलेशिया की टीम को 158-156 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। महिला कंपाउंड टीम: चिकिता तनिपार्थी, राज कौर और तेजल साल्वे ने फाइनल में कजाकिस्तान से 229-227 से हारकर सिल्वर मेडल से संतोष किया।

रिकर्व इवेंट में भारत की मजबूत उपस्थिति
रिकर्व इवेंट में भी भारतीय तीरंदाजों ने अपना दबदबा दिखाया। महिला व्यक्तिगत फाइनल में रिधि को मंगोलिया की ओयुन-एर्डेन बासांडोर्ज ने 6-2 से हराया। पुरुषों की रिकर्व टीम: देवांग गुप्ता, सुखचैन सिंह और जुएल सिंह को फाइनल में कजाकिस्तान के हाथों 5-4 से करीबी हार का सामना करना पड़ा और उन्हें सिल्वर पदक से संतोष करना पड़ा। महिला रिकर्व टीम: रूमा बिस्वास, कीर्ति और रिधि ने मलेशिया को 5-1 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। पुरुष कंपाउंड टीम: रजत चौहान, उदय कंबोज और ऋषभ यादव ने प्लेऑफ में भूटान को 234-232 से मात देकर जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर