Betul-Itarsi Highway : मध्यप्रदेश। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश के बैतूल-इटारसी हाईवे की जर्जर स्थिति पर सख्त नाराजगी दिखाई। बैतूल जिले के चुरना में निजी यात्रा के दौरान उन्हें सड़क की खराब हालत का पता चला। बाद में दिल्ली की CII नैशनल कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इस पर खुलकर बात की।
गडकरी ने कहा कि प्रोजेक्ट में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बैतूल-इटारसी सड़क के काम की रिपोर्ट मंगवा ली है। गुस्से में उन्होंने पूछा, “क्या ठेकेदार से हर महीने हफ्ता वसूली हो रही है? क्या मरम्मत के नाम पर सिर्फ कागजों पर ही काम दिखाया जा रहा है?”
मंत्री ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर और क्षेत्रीय अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि पिछले साल से सोशल मीडिया पर सड़क की शिकायतें आ रही हैं और दुर्घटनाओं में लोग मर रहे हैं। अब तुरंत सुधार के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। गडकरी ने जोर देकर कहा कि सड़क बनाना तो बस बहाना है, असल मकसद देश का विकास है। इसमें कोई ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं होगी।