Mahakaushal Times

रीवा में दर्दनाक वारदात: शराब पार्टी में कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या


नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक पुलिस आरक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात समान थाना क्षेत्र के गड़रिया मोहल्ले में रविवार देर रात हुई।

जानकारी के अनुसार, मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ 35 वर्षीय आरक्षक राकेश कुमार पटेल अपने 10 वर्षीय बेटे की तबीयत खराब होने के चलते छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। रविवार रात वह परिजनों को थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे।

इसके बाद वह अपने परिचित और लंबे समय से दोस्त रहे राकेश तिवारी के घर पहुंचे, जहां दोनों के बीच शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राकेश तिवारी ने अवैध पिस्टल से आरक्षक की कनपटी पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि परिजनों ने घायल आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर बेहतर इलाज मिल जाता तो उनकी जान बच सकती थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल अवैध थी और आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट के मामले दर्ज हैं। दोनों के बीच विवाद की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

रीवा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में टीमों को लगाया गया है। एसपी गुरुकरण सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर