Mahakaushal Times

आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर: RR की टॉप-4 में मजबूत दावेदारी


नई दिल्ली ।आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को एक हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मैच में 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जहां दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए, वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत शुरुआत की और मिशेल मार्श के 96 रनों तथा जोश इंग्लिस के 60 रनों की शानदार पारियों की बदौलत 5 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। एक समय यह स्कोर राजस्थान के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।

लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत आत्मविश्वास से भरी रही। सबसे बड़ी भूमिका निभाई 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने, जिन्होंने केवल 38 गेंदों में 93 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर मैच को पूरी तरह पलट दिया। उनकी पारी में 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे, जिससे LSG के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ गए।

वैभव के अलावा यशस्वी जायसवाल ने भी 23 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने 38 गेंदों पर 53 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। राजस्थान ने 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 225 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स की यह सीजन की 13 मैचों में 7वीं जीत रही, जिससे टीम 14 अंकों के साथ अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। यह स्थिति राजस्थान के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अब प्लेऑफ में जगह बनाने की संभावना और मजबूत हो गई है।

अंकतालिका की स्थिति पर नजर डालें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 18 अंकों के साथ पहले स्थान पर है और पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है। गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं, दोनों के 16-16 अंक हैं और ये टीमें भी प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं।

प्लेऑफ की बची हुई दो जगहों के लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। खासकर पंजाब किंग्स और केकेआर अभी भी गणितीय रूप से रेस में बने हुए हैं, जहां अंतिम मैचों के नतीजे अहम भूमिका निभाएंगे।

पंजाब किंग्स के 13 मैचों में 13 अंक हैं, जबकि चेन्नई और दिल्ली 12-12 अंकों पर हैं। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स 11 अंकों के साथ दो मैच शेष रहते हुए 15 अंकों तक पहुंचने की उम्मीद बनाए हुए है।

हालांकि मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों ही 8-8 अंकों के साथ प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राजस्थान रॉयल्स अपने अगले मुकाबले में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या वह चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह पक्की कर पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर